भारतीय स्वर्णकार समाज के गोपाल बने क्षेत्रीय प्रभारी
रांची, 03 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज और ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पृथ्वीपाल सिंह स्वर्णकार ने झारखंड प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी को छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का क्षेत्रीय प्रभारी नियुक्त किया है। इसकी जानकारी झारखंड प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनील पोद्दार ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी।
पोद्दार ने बताया कि गोपाल प्रसाद सोनी अपने वर्तमान दायित्व के साथ तीनों राज्यों में संगठन के विस्तार, नई इकाइयों के गठन, पदाधिकारियों के समन्वय और स्वर्णकार समाज के हितों से जुड़े कार्यों का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि इस नियुक्ति के बाद झारखंड सहित संबंधित राज्यों के पदाधिकारियों और स्वर्णकार समाज के लोगों ने गोपाल प्रसाद सोनी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।
उन्हें यह जिम्मेदारी झारखंड में संगठन को मजबूत करने, समाज को संगठित करने और सामाजिक हितों के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए सौंपी गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पृथ्वीपाल सिंह स्वर्णकार ने नियुक्ति पत्र में विश्वास जताया है कि गोपाल प्रसाद सोनी के अनुभव, नेतृत्व क्षमता और संगठन के प्रति समर्पण से छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी संगठन को मजबूती मिलेगी। साथ ही स्वर्णकार समाज के उत्थान, सामाजिक एकजुटता और संगठनात्मक विस्तार को नई गति मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar