स्वर्णकार समाज के सम्मेलन में सामाजिक विकास का लिया गया संकल्प

 




रामगढ़, 22 सितंबर (हि.स.)। शहर के थाना चौक स्थित रोटरी क्लब के सभागार में मंगलवार को अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज और ज्वेलर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में सम्मेलन सह परिचय एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

सम्मेलन में जिलेभर से समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में समाज को एकजुट कर सामाजिक विकास को गति देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शंकर वर्मा ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव पप्पू सोनी ने किया।

समारोह में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महामंत्री दीपक वर्मा, उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल सोनी, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष गोपाल सोनी, प्रदेश महामंत्री विनोद वर्मा, जिला प्रभारी सह प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सोनी ने संयुक्त रूप से शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया। इससे पूर्व अतिथियों का माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

सम्मेलन के दौरान समाज के लगभग 200 सम्मानित पदाधिकारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि समाज के किसी भी सदस्य के सामने समस्या आने पर संगठन के माध्यम से उसे सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हुए अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

सम्मेलन में जिला कार्यालय का जल्द से जल्द उद्घाटन करने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही प्रत्येक माह आवश्यक बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला उपाध्यक्ष मुकेश प्रसाद, जिला सचिव सतीश प्रसाद, मार्गदर्शक विष्णु प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष उदय प्रसाद स्वर्णकार, जिला संरक्षक दसई प्रसाद, अनिल प्रसाद, गणेश प्रसाद, निरंजन कुमार, अमरनाथ वर्मा, कपिल प्रसाद सहित अन्य का याेगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश