डीएमएफटी से बनेगा गोला हाट बाजार, फेज-एक का शिलान्यास

 




रामगढ़, 25 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ के किसानों को सुविधा देने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिले के गोला डेली मार्केट में स्थानीय आजविका को प्राथमिकता देने के लिए बाजार का विकास किया जाएगा। शनिवार को गोला डेली मार्केट को बनाने के लिए 83.59 लख रुपए की लागत से फेज वन का शिलान्यास किया गया। सांसद मनीष जायसवाल और विधायक ममता देवी ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर योजना का शिलान्यास किया। योजना के प्रथम चरण का निर्माण कार्य 83.59 लाख रुपए की लागत से मेसर्स अखिलेश तिवारी कंस्ट्रक्शन की ओर से कराया जाएगा।

फेज-एक के अंतर्गत अधूरे शेड का निर्माण और जीर्णोद्धार, वॉटर टैंक, गार्बेज टैंक, नाली निर्माण और शौचालय का निर्माण किया जाएगा। वहीं मौके पर किसानों ने सब्जियों से भरी टोकरी भेंट कर जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि डेली मार्केट के विकसित होने से किसानों, व्यापारियों और खरीददारों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कृषि प्रधान गोला प्रखंड की दो प्रमुख समस्याएं डेली मार्केट की अव्यवस्था और सड़क जाम रही हैं। डेली मार्केट के विकास के साथ-साथ एक्सप्रेस-वे का निर्माण भी प्रगति पर है। आने वाले समय में इन दोनों समस्याओं से लोगों को काफी हद तक राहत मिलेगी।

विधायक ममता देवी ने कहा कि गोला डेली मार्केट का मामला कई वर्षों से अधर में लटका हुआ था। इसे आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसका परिणाम है कि आज विकास योजना का शिलान्यास हो सका। उन्होंने विश्वास जताया कि योजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के किसानों, छोटे व्यापारियों एवं आम लोगों को आधुनिक और व्यवस्थित बाजार की सुविधा उपलब्ध होगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में जिप अध्यक्ष सुधा देवी, जिप सदस्य जलेश्वर महतो, रेखा सोरेन, प्रखंड प्रमुख गीता देवी, उपप्रमुख विजय ओझा, मुखिया सुनीता देवी, पंसस संध्या देवी, उपमुखिया अकबर अंसारी, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश