साल के अंत तक रिम्स के सभी टीचिंग पद भरने का लक्ष्य : अजय सिंह

 


रांची, 19 अगस्त (हि.स.)। रिम्स में चिकित्सकों और कर्मियों की कमी दूर करने के लिए साल 2026 के अंत तक सभी आवश्यक टीचिंग पदों को भरने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को हुई रिम्स सेलेक्शन कमेटी की बैठक में मानव संसाधन की स्थिति और रिक्त पदों की विस्तृत समीक्षा के बाद अजय सिंह ने यह निर्देश दिया गया।

अपर मुख्य सचिव ने भर्ती एवं नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा, ताकि वर्ष के अंत तक आवश्यक टीचिंग पद भरे जा सकें। मौके पर रिम्स में एचएमआईएस को 100 प्रतिशत लागू करने पर भी जोर दिया गया। सभी विभागों में इसका पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी विभागाध्यक्षों को दी गई। बैठक में रिम्स में कार्यरत चिकित्सकों एवं कर्मियों की संख्या, सृजित पदों और विभिन्न विभागों की वास्तविक आवश्यकता का आकलन करने पर जोर दिया गया। अपर मुख्य सचिव ने विभागवार आवश्यकता के आधार पर पदों का रेशनलाइजेशन करते हुए मानव संसाधन ढांचे को रिस्ट्रक्चर करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पदों की आवश्यकता का आकलन कर संबंधित प्रस्ताव संचिका के माध्यम से प्रस्तुत करने को कहा।

बैठक में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर सहित अन्य टीचिंग पदों के अलावा एएनएम, जीएनएम एवं अन्य कर्मियों के पदों पर भी चर्चा हुई। पदोन्नति के लिए स्पष्ट और पारदर्शी मानदंड निर्धारित कर उसका ड्राफ्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया। बैठक में अपर सचिव शशि प्रकाश, रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिंह सहित विभाग और रिम्स के कई अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar