रांची में दुर्गा पूजा पर दिखेगी बृहदेश्वर मंदिर की भव्य झलक, प्राकृतिक सामग्री से बनेगा पंडाल
रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची के बकरी बाजार स्थित भारतीय युवक संघ इस वर्ष दुर्गा पूजा को भव्य और खास बनाने की तैयारी में जुट गया है। संघ ने इस बार पूजा पंडाल को दक्षिण भारत के प्रसिद्ध बृहदेश्वर मंदिर की तर्ज पर बनाने का निर्णय लिया है, जिससे श्रद्धालुओं को एक अनूठा धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभव मिलेगा।
संघ के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल ने बताया कि इस बार पंडाल में तमिलनाडु के तंजावुर जिले में स्थित इस ऐतिहासिक शिव मंदिर की भव्य प्रतिकृति तैयार की जाएगी। खास बात यह है कि पंडाल का निर्माण पूरी तरह प्राकृतिक सामग्रियों से किया जाएगा, जिससे इसकी कलात्मकता और पर्यावरणीय संतुलन दोनों का ध्यान रखा जा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि पंडाल के मुख्य द्वार पर भगवान शिव के वाहन नंदी की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी। पंडाल के डिजाइन का कार्य पश्चिम बंगाल में शुरू हो चुका है, जबकि जुलाई के पहले सप्ताह में भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
दरअसल, इस वर्ष शारदीय नवरात्र 11 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। भारतीय युवक संघ वर्ष 1958 से लगातार सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए हर साल आकर्षक और थीम आधारित पंडाल निर्माण के लिए प्रसिद्ध रहा है।
उल्लेखनीय है कि बृहदेश्वर मंदिर, जिसे ‘पेरुवुदैयार कोविल’ भी कहा जाता है, कावेरी नदी के दक्षिण तट पर स्थित एक विश्वप्रसिद्ध मंदिर है। इसका निर्माण चोल सम्राट राजा, राजा चोल प्रथम ने 1003 से 1010 ईस्वी के बीच कराया था। यह मंदिर द्रविड़ स्थापत्य शैली का उत्कृष्ट उदाहरण है और पूरी तरह ग्रेनाइट पत्थरों से निर्मित है।
करीब 66 मीटर ऊंचे शिखर और शीर्ष पर स्थित 80 टन वजनी कुंभम के साथ यह मंदिर अपनी भव्यता के लिए जाना जाता है। प्रवेश द्वार पर विशाल नंदी प्रतिमा और गर्भगृह में स्थापित 12 फीट ऊंचा शिवलिंग इसकी विशेषता को और बढ़ाते हैं। यह यूनेस्को की “ग्रेट लिविंग चोला टेम्पल्स” विश्व धरोहर सूची में शामिल है।
इस बार पंडाल का डिजाइन बंगाल के प्रसिद्ध कलाकार अशोक दा (पार्वती डेकोरेटर्स) द्वारा तैयार किया जा रहा है, जबकि मूर्ति निर्माण का कार्य शिल्पकार अनुप दा करेंगे। संघ के प्रवक्ता अमित बजाज ने बताया कि आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी सदस्य पूरी तैयारी में जुटे हुए हैं।
बैठक में राहुल अग्रवाल, रवि रोहत्गि, सत्येंद्र जालान, विनोद छापड़िया, संजय चौधरी, अमर पोद्दार, किशन मोदी, राजा भालोटिया, मनीष साहू, राकेश गोयल, सुनील पोद्दार, किशोरी पोद्दार, कमल खेतावत, विनोद टिबरेवाल, अमित बजाज, सचिन मोतीका, अरविंद चौधरी, पवन लोहिया, सिद्धांत तोदी, सौरव अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, चंदन चौधरी समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे