ऑटो से युवती का बैग गायब, जांच में जुटी पुलिस
रामगढ़, 16 मई (हि.स.)। शहर में ऑटो चालक भी अब लोगों को चकमा देने लगे हैं। कुजू ओपी क्षेत्र के सारूबेड़ा से रामगढ़ बस स्टैंड के लिए निकली एक लड़की का बैग ऑटो से ही गायब हो गया। इस मामले की शिकायत आभा कुमारी नामक युवती ने शनिवार को रामगढ़ थाने में की है। उसने बताया कि वह अपनी मां उर्मिला देवी के साथ घर से निकली थी। उसे ट्रेकर स्टैंड में उतरना था।
रास्ते में ऑटो पड़कर वह आ रही थी। जिस ऑटो पर वह सवार थी उस पर एक बुर्का पहने महिला भी सवार थी। जब रामगढ़ ट्रेकर स्टैंड पर आभा उतरी तो ऑटो में उसका बैग गायब था। जब उसने ऑटो चालक को फोन किया तो ऑटो चालक ने ही उसे डांट दिया। रामगढ़ थाने पहुंची युवती ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी है। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश