आकाशीय बिजली गिरने से लड़की की मौत
लातेहार, 26 जून (हि.स.)। जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के पिंडारकोम गांव में शुक्रवार को हल्की बारिश और गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक लड़की की मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव निवासी यशोद यादव की पुत्री सुकरी कुमारी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुकरी कुमारी घर की लिपाई-पुताई के लिए खेत से मिट्टी लाने जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हालांकि परिजन उसे तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ दयानंद प्रसाद ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ पूर्वी जिला परिषद सदस्य प्रियंका कुमारी सहित कई स्थानीय लोग घटनास्थल पहुंचे।
इधर, घटना के बाद थाना प्रभारी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार