रांची रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर युवती का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

 


रांची, 29 मई (हि.स.)। रांची रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार को रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह स्टेशन के पास से गुजर रहे लोगों ने रेलवे पटरी पर एक शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल स्टेशन प्रबंधन और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की छानबीन की।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती ट्रेन की चपेट में आ गई होगी, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है, जिसमें हत्या और आत्महत्या दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखा गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई पहचान पत्र या अन्य सामान नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस आसपास के लोगों और स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से पूछताछ कर रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पहचान होने होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे