गौ सम्मान पूरे समाज का अभियान, जनजागरण से जुड़ेगा हर वर्ग : राधा वत्स
पूर्वी सिंहभूम,25 जुलाई (हि.स.)। गौ सम्मान अभियान के झारखंड प्रभारी राधा वत्स ने कहा कि गौ संरक्षण,गौ संवर्धन और गौ सम्मान किसी एक संगठन का विषय नहीं,बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति,सेवा,करुणा और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करने के लिए व्यापक जनभागीदारी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पूरे राज्य में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है,जिसके तहत समाज के हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
शनिवार को गोलपहाड़ी स्थित गायत्री शक्तिपीठ,टाटानगर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राधा वत्स ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनसंपर्क, हस्ताक्षर अभियान, सामाजिक संवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में गौ संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गौ सम्मान अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि इसे जनआंदोलन का स्वरूप देना है। इसके लिए युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और बुद्धिजीवियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी,ताकि अभियान अधिक प्रभावी बन सके।
प्रेस वार्ता में गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य ट्रस्टी के प्रभाकर राव,विश्व हिंदू परिषद के मंत्री अरुण सिंह,गौ सम्मान अभियान जमशेदपुर के संरक्षक सुरेश लाल,अभियान की सहयोगी मुनमुन चक्रवर्ती सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
वक्ताओं ने कहा कि किसी भी सामाजिक अभियान की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने लोगों से गौ संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन के लिए आगे आने और अभियान को व्यापक जनसमर्थन देने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक