कैम्ब्रियन स्कूल में मनी गांधी जयंती, सत्य-अहिंसा का दिया संदेश
रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)।
कैम्ब्रियन स्कूल, कांके रोड में गुरुवार को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती दिवस बेहद श्रद्धा के साथ मनाई गई।
इस दौरान विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर सहित अन्य लोगों ने दोनों महापुरुषों की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर परमजीत कौर ने कहा कि महात्मा गांधी की सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और कौशल विकास की विचारधारा हर काल और हर युग में प्रासंगिक है। वहीं लाल बहादुर शास्त्री सादगी और ईमानदारी की प्रतिमूर्ति थे। दोनों महापुरुषों का जीवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि गांधीजी की कौशल विकास की अवधारणा वर्तमान राष्ट्रीय शिक्षा नीति का भी अभिन्न हिस्सा है। यह नई पीढ़ी को बदलते समय और जरूरतों के अनुरूप तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र ऋषभ राज द्वारा प्रस्तुत भजन वैष्णव जन तो तेने कहिए से हुई।
छात्राओं आराध्या सिंह और शगुन श्रीवास्तव ने क्रमशः महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारधारा एवं संदेशों पर प्रकाश डाला।
जूनियर विंग के विद्यार्थियों आदित्य श्रीवास्तव, वंश राठौर, अयांश कुमार और हर्ष रोशन ने गांधीजी एवं शास्त्रीजी के परिधानों में उनके संदेशों को प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर शिक्षक, छात्र सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar