फुसरो में भूमिगत आग से धंसी सड़क, दहशत में सैकड़ों परिवार

 


बोकारो, 18 जून (हि.स.)। बेरमो, फुसरो के पांच नंबर धौड़ा क्षेत्र में रविवार को भूमिगत आग के कारण अचानक सड़क धंस जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

तेज आवाज के साथ सड़क का एक हिस्सा धंसने से आसपास रहने वाले सैकड़ों परिवारों में दहशत फैल गई। लोग घरों से बाहर निकल आए, जबकि कई महिलाओं ने बच्चों को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ लगाई। बुजुर्ग और बच्चे भयभीत नजर आए। घटनास्थल के आसपास कई स्थानों से धुआं निकलता देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन के नीचे लंबे समय से आग सुलग रही है और इसी के कारण धंसान की यह घटना हुई है। सड़क के दोनों ओर भूमिगत आग की स्थिति बनी हुई है, जिससे आसपास की आबादी और औद्योगिक गतिविधियों पर भी खतरा मंडरा रहा है। जिस स्थान पर धंसान हुआ है, वह सीसीएल की प्रमुख परिवहन सड़क के बेहद करीब है, जहां से प्रतिदिन कोयले का परिवहन होता है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि भूमिगत आग के कारण सड़क धंसी है।

एहतियात के तौर पर इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि एसडीओ, सीओ, सीसीएल अधिकारियों और रोड कंस्ट्रक्शन विभाग की संयुक्त टीम को निरीक्षण के लिए भेजा गया है। सीसीएल को 48 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन की ओर से फुसरो बाजार होकर वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उपायुक्त ने उम्मीद जताई कि तीन से चार दिनों के भीतर वैकल्पिक मार्ग चालू कर दिया जाएगा। हालांकि स्थानीय लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं और आशंका जता रहे हैं कि यदि भूमिगत आग का दायरा बढ़ा तो भविष्य में बड़े हादसे हो सकते हैं। विशेषज्ञों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने झरिया की तरह बेरमो क्षेत्र में भी भूमिगत आग की समस्या के स्थायी समाधान, गहन भू-सर्वेक्षण और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में जल्द कदम उठाने की आवश्यकता बताई है। फिलहाल प्रशासन ने प्रभावित इलाके में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से धंसान प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार