डीएवी बरियातू के विद्यार्थियों में फलदार पौधों का वितरण
रांची, 24 जुलाई (हि.स.)।
पर्यावरण संरक्षण और हरित रांची के लक्ष्य को लेकर डीएवी पब्लिक स्कूल, बरियातू में रांची नगर निगम और प्रिज्मोलॉइन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को 100 फलदार पौधों का वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसके साथ ही 100 से अधिक विद्यार्थियों को पौधे देकर उन्हें घर और आसपास रोपने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि विद्यालय के प्राचार्य एसके मिश्रा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी सभी की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से एक पेड़ मां के नाम अभियान को आगे बढ़ाने और परिवार और समाज को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। विद्यालय की उप-प्राचार्या सुनीता श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, रांची नगर निगम और प्रिज्मोलॉइन की टीम की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम में सीएमसी, दिल्ली के राकेश आहूजा और एच डॉट खुराना, प्रिज्मोलॉइन के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋषभ सिंघानिया, डायरेक्टर (एचआर एवं एडमिन) स्नेहा सिंघानिया, जसमीत मेहता, पारस कुमार सिंह, राखी कुमारी, समाजसेवी आशुतोष द्विवेदी सहित अन्य अतिथि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar