नागरमल मोदी सेवा सदन 19 जुलाई को लगाएगा नि:शुल्क हड्डी रोग उपचार शिविर

 


रांची, 16 जुलाई (हि.स.)। नागरमल मोदी सेवा सदन, रांची की ओर से आगामी 19 जुलाई (रविवार) को कडरू स्थित सरना टोली सरना स्थल में जरूरतमंद लोगों के लिए नि:शुल्क हड्डी रोग उपचार शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया जाएगा, जिसमें हड्डी एवं जोड़ों से संबंधित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच कर नि:शुल्क चिकित्सीय परामर्श दिया जाएगा।

शिविर के संयोजक आलोक तुलस्यान ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि हड्डी एवं जोड़ों के दर्द, गठिया, कमर दर्द, गर्दन दर्द, घुटनों की समस्या और अन्य अस्थि रोगों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह का लाभ मिलेगा।

संयोजक ने बताया कि शिविर में मरीजों को आवश्यक दवाएं भी पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा उपलब्धता के आधार पर जरूरतमंद मरीजों को कमर की बेल्ट, गर्दन की कॉलर (नेक कॉलर) तथा घुटने का कैप (नी कैप) भी नि:शुल्क वितरित किया जाएगा।

आलोक तुलस्यान ने कहा कि सेवा सदन समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। इस शिविर के माध्यम से उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जो आर्थिक कारणों से विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार नहीं करा पाते हैं।

शिविर के आयोजन को लेकर समाजसेवी अजय भंडारी, अरुण चावला एवं शांति खलखो ने भी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श से हड्डी एवं जोड़ों से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं का प्रभावी उपचार संभव है। इसलिए क्षेत्र के जरूरतमंद मरीज इस अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाएं।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar