हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए लातेहार और रांची में लगेगा निःशुल्क जांच शिविर

 


रांची, 28 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड के जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लातेहार और रांची में निःशुल्क जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। लातेहार में 29 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक पुलिस लाइन के निकट टाउन हॉल में और रांची में 30 अक्टूबर 2026 को इसी समय रिम्स ऑडिटोरियम में शिविर लगाया जाएगा। यह जानकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी।

उन्होंने विज्ञप्ति के माध्यम से अभिभावकों से ऐसे बच्चों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देने की अपील की।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष 300 से अधिक बच्चों की निःशुल्क सर्जरी के लिए उन्हें कोच्चि और अहमदाबाद के अस्पतालों में भेजा गया है। जांच, उपचार, दवाएं, ऑपरेशन, भोजन, आवास और यात्रा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।

पंजीकरण के लिए आरबीएसके राज्य समन्वयक से संपर्क किया जा सकता है। स्वास्थ्य हेल्पलाइन 104 पर भी जानकारी मिलेगी। उन्होंने बताया कि शिविर में जीरो से 18 वर्ष तक के बच्चों की जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी। हृदय में छेद सहित एट्रियल सेप्टल डिफेक्ट, वेंट्रिकुलर सेप्टल डिफेक्ट और पेटेंट डक्टस आर्टेरियोसस जैसी जन्मजात समस्याओं से पीड़ित बच्चों को लाभ मिलेगा।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी बच्चे का इलाज नहीं रुकना चाहिए। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और नया जीवन देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar