लायंस क्लब का स्वास्थ्य जांच शिविर तीन को
देवघर, 02 मई (हि.स.)। समाज सेवा के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ मधुपुर की ओर से रविवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएग। यह शिविर त्रिदेव हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित होगा।
शिविर का आयोजन प्रातः 08 बजे से दोपहर 02 बजे तक अग्रसेन भवन, कुंडू बंगला में किया जाएगा, जहां विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ और प्रख्यात डॉक्टरों की टीम मरीजों की जांच और परामर्श देगी। इस स्वास्थ्य शिविर में हृदय रोग, जनरल फिजिशियन, पैथोलॉजी, हड्डी रोग एवं स्त्री रोग से संबंधित जांच और सलाह की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही ईसीजी, शुगर और बीपी जांच की नि:शुल्क व्यवस्था भी की गई है, जिससे आमजन अपने स्वास्थ्य की प्रारंभिक जांच आसानी से कर सकेंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री हाफिज़ुल हसन करेंगे। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी, मधुपुर के चेयरमैन सह लायंस क्लब के वरिष्ठ सदस्य पीएमजेएफ लायन डॉ अरुण कुमार गुटगुटिया, नगर परिषद की चेयरमैन दरक्शां परवीन और वाइस चेयरमैन ऋषभ भारद्वाज मौजूद रहेंगे। लायंस क्लब के अध्यक्ष लायन प्रेम पाठक ने बताया कि यह शिविर पूरी तरह जनसेवा के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy