रोटरी क्लब ऑफ रांची का निःशुल्क इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ प्रत्यारोपण शिविर 24 फरवरी को
रांची, 22 फरवरी (हि.स.)। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए रोटरी क्लब ऑफ रांची की ओर से 24 फरवरी को रोटरी भवन, रांची में निःशुल्क इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ करेंगे।
शिविर में लगभग 62 दिव्यांगजनों को अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ निःशुल्क लगाए जाएंगे। क्लब के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि इस संबंध में राज्यपाल संतोष गंगवार से भी मुलाकात कर उन्हें शिविर में शामिल होने का आग्रह किया गया है। राज्यपाल से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष के अलावा जशदीप सिंह, गिरीश अग्रवाल और प्रवीण राजगढ़िया शामिल थे।
असिस्टेंट गवर्नर रोटरी इमेज प्रवीण राजगढ़िया ने बताया कि शिविर का उद्देश्य उन लोगों को आधुनिक तकनीक की सहायता से नया जीवन देना है, जिन्होंने दुर्घटना, बीमारी या अन्य कारणों से अपना हाथ खो दिया है।
इस शिविर में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ से जरूरतमंद लोग भाग लेंगे। लाभार्थियों को न केवल शारीरिक सहारा मिलेगा, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और वे सामान्य जीवन जीने में सक्षम बन सकेंगे। शिविर के लिए इनाली फाउंडेशन की विशेषज्ञ टीम पुणे से रांची पहुंच चुकी है।
विशेषज्ञ टीम लाभार्थियों की विस्तृत जांच, माप, परीक्षण और फिटिंग की प्रक्रिया आधुनिक उपकरणों की सहायता से पूरी करेगी। प्रत्येक लाभार्थी की शारीरिक स्थिति के अनुरूप कृत्रिम हाथ तैयार कर लगाया जाएगा, ताकि उन्हें अधिकतम सुविधा और कार्यक्षमता मिल सके। ये इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ आधुनिक सेंसर और मांसपेशीय संकेतों से संचालित तकनीक पर आधारित होते हैं, जिनकी सहायता से उपयोगकर्ता वस्तुओं को पकड़ना, उठाना और दैनिक कार्य आसानी से कर सकते हैं।
शिविर को सफल बनाने में क्लब के पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे