जसोवा मेला के स्टॉल संख्या जी-12 पर मुफ्त बन रहा आयुष्मान कार्ड

 


रांची, 29 अक्टूबर (हि.स.)।

मोरहाबादी मैदान में आयोजित जसोवा मेला-2026 में इस बार झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी की ओर से मुख्यमंत्री अबुआ-आयुष्मान कार्ड और वय वंदना कार्ड बनाने की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई है। लाभुकों की सुविधा को देखते हुए कार्ड बनाई जा रही है। यह जानकारी सोसायटी की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई है। जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि मेला परिसर के स्टॉल संख्या जी-12 पर पात्र लाभुक लोग इन कार्डों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

इस सुविधा के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों का वय वंदना कार्ड बनाया जा रहा है। वहीं, राज्य की सेविका, सहायिका और सहियाओं के लिए भी निःशुल्क मुख्यमंत्री अबुआ-आयुष्मान कार्ड बनाने की व्यवस्था की गई है।

वय वंदना कार्ड बनवाने के लिए पात्र बुजुर्गों को अपना आधार कार्ड और आधार से जुड़ा मोबाइल फोन लेकर स्टॉल पर पहुंचना होगा। सेविका, सहायिका एवं सहिया दीदियां आधार कार्ड के साथ स्टॉल संख्या जी-12 पर पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकती हैं।

झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी ने लोगों से अपील की है कि वे अपने परिवार के 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को मेला परिसर स्थित स्टॉल तक लाएं, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके। साथ ही, सेविका, सहायिका और सहिया दीदियों से भी इस सुविधा का लाभ उठाने का आग्रह किया गया है।

सोसाइटी की ओर से बताया गया कि यह सुविधा मेला अवधि के दौरान खास तौर पर उपलब्ध रहेगी। इच्छुक पात्र व्यक्ति निर्धारित दस्तावेजों के साथ स्टॉल पर पहुंचकर कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar