निशुल्क एक्युप्रेशर चिकित्सा केंद्र का शुभारंभ
रांची, 16 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन गम्हरिया शाखा की ओर से डॉ लालचंद बगड़िया एक्युप्रेशर संस्थान, रांची के तत्वावधान में गम्हरिया में शुक्रवार को निःशुल्क एक्युप्रेशर चिकित्सा केंद्र शुरू किया है। सम्मेलन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि केंद्र का उद्घाटन प्रजापति ब्रह्माकुमारी की बहन निर्मलाजी, महिला समिति गम्हरिया की अध्यक्ष रीना धानुका और सचिव मधु जालान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
बताया गया कि इससे पहले गम्हरिया शाखा की ओर से 16 से 22 अगस्त 2026 तक एक्युप्रेशर एवं चुंबकीय चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र की शुरुआत की गई है।
केंद्र का संचालन फिलहाल सप्ताह में तीन दिन गुरुवार, शनिवार और रविवार को प्रजापति ब्रह्माकुमारी केंद्र में होगा। इसके लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम चार बजे से छह बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
संस्थान के अध्यक्ष रामा शंकर बगड़िया ने महिला समिति की अध्यक्ष, सचिव और सभी सदस्याओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पहल से गम्हरिया के लोगों को एक्युप्रेशर चिकित्सा का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने समिति से केंद्र को सप्ताह के सभी दिन संचालित करने का आग्रह भी किया। इस अवसर पर आमजनों ने अपनी जांच भी कराई। मौके पर सम्मेलन के कई लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar