एटीएम में कार्ड फंसाकर ठगी, खाते से 30,500 रुपये निकाले
रामगढ़, 03 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ शहर में एटीएम के जरिए ठगी का एक और मामला सामने आया है। नया बस स्टैंड बिजुलिया स्थित एसबीआई एटीएम में कार्ड फंसने के बाद साइबर ठगों ने जागेश्वर के बैंक खाते से 30,500 रुपये निकाल लिए। इस संबंध में जागेश्वर ने रामगढ़ थाने में सूचना दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जागेश्वर ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को वह एटीएम से 10 हजार रुपये निकालने के लिए नया बस स्टैंड बिजुलिया स्थित एसबीआई के एटीएम काउंटर पर गए थे। पैसे निकालने की प्रक्रिया के दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। इसी दौरान उन्होंने एटीएम में लिखे एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।
फोन उठाने वाले व्यक्ति ने उन्हें बताया कि उनका कार्ड सॉफ्टवेयर लॉक हो गया है। उसने एसबीआई की मुख्य शाखा में जाकर शिकायत करने की सलाह दी और यह भी कहा कि वह कार्ड को अस्थायी रूप से बंद कर रहा है। साथ ही बताया कि बैंक का ऑपरेटर एटीएम से उनका कार्ड निकाल देगा।
इसके बाद जागेश्वर एसबीआई की मुख्य शाखा पहुंचे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर खाते से रुपये निकाले जाने का संदेश आया। उन्होंने बैंक स्टेटमेंट की जांच की तो पता चला कि उनके खाते से 30,500 रुपये अवैध तरीके से निकाल लिए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस एटीएम में लगाए गए नंबर और खाते से निकाली गई रकम के संबंध में उपलब्ध जानकारी के आधार पर जांच कर रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश