जमीन और फ्लैट के नाम पर करोड़ों की ठगी, प्राथमिकी दर्ज

 


रांची, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जमीन और फ्लैट दिलाने के नाम पर 9 करोड़ 94 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला शुक्रवार को सामने आया है। रांची के बीआईटी ओपी में ठगी को लेकर एफआईआर दर्ज कराई गई है।

दर्ज प्राथमिकी में विक्रम सिंह ने विशाल रंजीत राय और श्रद्धा विशाल राय पर करोड़ों रुपये लेने के बाद जमीन और चार बेडरूम वाले फ्लैट (4बीएचके) की रजिस्ट्री नहीं कराने का आरोप लगाया है। दोनों आरोपित गुजरात के गांधीनगर के रहने वाले हैं।

शिकायतकर्ता विक्रम सिंह के मुताबिक, उनके गुजरात मे जमीन और फ्लैट देने के नाम पर करोड़ों की ठगी की गई है। जमीन और फ्लैट के लिए पांच करोड़ रुपये अलग-अलग कंपनियों के बैंक खातों में जमा किए गए, जबकि 4 करोड़ 94 लाख रुपये नकद दिए गए। रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर गाली-गलौच और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता की मुलाकात वर्ष 2022 में सोनल नाम के व्यक्ति से हुई थी। इसके बाद सोनल के पहल पर ही वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात विशाल रंजीत राय और उनकी पत्नी श्रद्धा विशाल राय से हुई। शिकायत में दोनों को रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ा बताया गया है। आरोप है कि जमीन और फ्लैट में निवेश के सिलसिले में बातचीत हुई और प्रॉपर्टी दिलाने का भरोसा दिया गया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि गुजरात मे जमीन और फ्लैट के सौदे के लिए आरोपियों के कहने पर अलग-अलग कंपनियों के बैंक खातों में रकम जमा की गई। प्राथमिकी में वीएनएस एक्वा इंडिया प्रा. लिमिटेड के खाते में करीब 60 लाख रुपये, विविश्रा इंडिया एक्ज़िम प्रा. लिमिटेड के खाते में 56 लाख रुपये और श्री जी एसोसिएट के खाते में 80 लाख रुपये जमा हो गये।

इसके अलावा अन्य बैंक खातों में 3 करोड़ 4 लाख रुपये दिए जाने का दावा किया गया है। शिकायत के मुताबिक, इन बैंक खातों में किए गए भुगतान की कुल राशि पांच करोड़ रुपये थी। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उसने और उसके सहयोगी ने जमीन और फ्लैट मिलने की उम्मीद में यह रकम दी थी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि बड़ी रकम देने के बावजूद जमीन और फ्लैट की रजिस्ट्री उसके पक्ष में नहीं कराई गई। प्रॉपर्टी का कब्जा दिलाने की मांग करने पर भी उसे कथित तौर पर टालमटोल का सामना करना पड़ा। इसके बाद उसने अपनी रकम वापस देने की मांग शुरू की। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपितों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और धमकी दी। शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में रांची के बीआईटी ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले की जांच की जिम्मेदारी एसआई अभय कुमार को सौंपी गई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे