चोरी का खुलासा, चार अपराधी चोरी के आभूषण के साथ गिरफ्तार

 




रांची, 31 मई (हि.स.)। रांची जिला के सिकिदिरी थाना क्षेत्र में हुए जेवर दुकान में चोरी मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में अरमान अंसारी, फरहान अंसारी, एजाज शाह और हसनैन अंसारी शामिल है। चोरी के गहने भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

रांची के सिल्ली डीएसपी मनीष चन्द्र लाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि गत 27 मई को सिकिदिरी बस स्टैंड के पास हुंडरू फॉल मेन रोड पर स्थित दुकान सोनी ज्वेलर्स में गैस कटर मशीन से ताला काटकर चांदी के आभूषण चोरी कर ली गयी। दुकान मालिक शशिकांत ने मामले को लेकर अज्ञात के विरुद्ध सिकिदिरी थाना में मामला दर्ज कराया था।

मामले के अनुसंधान के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कारवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान एवं विशेष सूचना के आधार पर मामले में चार आरापितों को पकड़ा। इनके निशानदेही पर दुकान से चोरी गए आभूषण और घटना में प्रयुक्त किये गए कार, गैस कटर मशीन, सिलेंडर एवं मोटरसाइकिल तथा आरोपितों के मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में शामिल एक आरोपित फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे