रांची में 4000 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, 338 ग्राम मादक पदार्थ जब्त

 


रांची, 12 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धुर्वा थाना पुलिस ने 4000 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इनके पास से कुल 338.96 ग्राम ब्राउन शुगर, चार मोबाइल फोन, 9100 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि स्मार्ट सिटी के पास सीएनजी पेट्रोल पंप के नजदीक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम उक्त स्थान पर पहुंची। वहां पांच से छह युवक संदिग्ध हालत में खड़े थे और पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर चार युवकों को पकड़ लिया, तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर सहित अन्य सामान बरामद किए गए।

गिरफ्तार युवकों की पहचान अभिषेक तिवारी, शुभम कुमार उर्फ राजा, अंकित तिवारी और रितिक राज के रूप में की है। अभिषेक तिवारी, शुभम कुमार उर्फ राजा और अंकित तिवारी का वर्तमान पता रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित एकता नगर बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, इन तीनों का स्थायी पता बिहार के सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के अरुवां गांव में है। वहीं, रितिक राज धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो रोड स्थित पटेल कॉलोनी का रहने वाला है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 4000 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका वजन 338.96 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, 9100 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नशे के इस कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार अंकित तिवारी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है।

उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में तीन मामले दर्ज है। इनमें तिलैया थाना, डोरंडा थाना और पुंदाग ओपी शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे