पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बासुकीनाथ धाम में मत्था टेका

 




दुमका, 20 मार्च (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शुक्रवार को बासुकीनाथ धाम में फौजदारीनाथ पर जलाभिषेक किया। बासुकीनाथ पहुंचते ही स्थानीय भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

इसके बाद स्थानीय प्रशासन की अगुवाई में रघुवर दास बाबा मंदिर में प्रवेश किये। जहां उन्हें पैतृक पंडा की मौजूदगी में विद्वान पंडितों की टोली ने वेद मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि विधान के साथ फौजदारी नाथ पर पवित्र गंगाजल चढ़ाया।

इसके बाद मंदिर प्रांगण में बाबा बासुकीनाथ सहित तमाम देवी देवताओं की आरती उतार फौजदारीनाथ से भारत एवं विश्व में आए संकट को समाप्त करने का कामना किया।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से हिंदू देवी देवताओं पर किए गए टिप्पणी को आपत्तिजनक एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्ति को अमर्यादित आचरण शोभा नहीं देती है। इसके बजाय बदहाली से परेशान राज्य के करोड़ों लोगों के विकास के लिए काम करें। इनके कार्यकाल में जनता चौतरफा संकट से घिरी हुई है।

मौजूदा सरकार को बजट सत्र के दौरान प्रदेश का नया विकास मॉडल तैयार कर लोगों के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, पूर्व विधायक नारायण दास, प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा, जिला अध्यक्ष रूपेश कुमार मंडल, निवास मंडल, नगर संयोजक स्वरूप कुमार सिन्हा मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार