रतन तिर्की ने निदेशक से मिलकर पशुपालन को बढावा देने का किया आग्रह

 


रांची, 19 जून (हि.स.)।

झारखंड के युवाओं को उद्यमी बनाने और उद्योग के प्रति जागरूक करने की बात को लेकर पूर्व टीएसी सदस्य रतन तिर्की के साथ एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पशुपालन निदेशालय में विभागीय निदेशक रोबिन टोप्पो से मुलाकात की।

इस संबंध में रतन तिर्की ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पशुपालन निदेशक से आग्रह किया गया कि झारखंड में पशुपालन की असीम संभावनाएं हैं। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों के साथ साथ शहरी क्षेत्रों के स्थानीय लोगों और आदिवासियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाये। तिर्की ने कहा कि बकरी पालन, सुकर पालन, मुर्गी पालन, गाय पालन, दुध उत्पादन, मछली पालन एवं अंडा उत्पादन में विशेष ध्यान देना चाहिए और यह तभी संभव है जब इन योजनाओं में युवाओं को न सिर्फ शामिल करना चाहिए। बल्कि समय समय पर पंचायत स्तर पर ग्राम सभा को जिम्मेवारी भी दी जानी चाहिए। इसके लिए उचित प्रशिक्षण शिविर का आयोजन प्रखंड में किया जाना चाहिए।

पशुपालन निदेशक रोबिन टोप्पो ने कहा कि पशुपालन में स्वरोजगार को और भी बढ़ावा देने का सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार और पशुपालन मंत्री भी इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। विभाग इस कोशिश में है कि पशुपालन के क्षेत्र में हम आयात नहीं निर्यात कर सकें।

इस अवसर पर पूर्व मेयर प्रत्याशी प्रवीण कच्छप, दीपक एक्का और ग़ुलाम सरवर मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar