फुटबॉल टूर्नामेंट में युवा विकास क्लब सिरांगो बना विजेता

 


रांची, 03 अक्टूबर (हि.स.)। डॉल्फिन्स एकेडमी फुटबॉल टूर्नामेंट कमेटी की ओर से बुढ़मू प्रखंड के हेसलपीडी पंचायत अंतर्गत तुरमुली मैदान में आयोजित चार दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शनिवार को समापन हुआ।

इस दौरान युवा विकास क्लब सिरांगो विजेता बना, जबकि लकड़ा ब्रदर्स उपविजेता टीम घोषित हुई। प्रतियोगिता में 16 टीमों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने विजेता टीम युवा विकास क्लब, सिरांगो को आठ हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। वहीं हेसलपीडी पंचायत के मुखिया कुसेंद्र पाहन और मांडर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गुना भगत ने संयुक्त रूप से उपविजेता टीम लकड़ा ब्रदर्स को पांच हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर प्रोत्साहित किया।

महतो ने कहा कि फुटबॉल का मैदान युवाओं में टीमवर्क, अनुशासन और आपसी समन्वय की भावना विकसित करता है। युवा पीढ़ी को ऑनलाइन गेमिंग से बाहर निकलकर शारीरिक खेलों की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की प्रतिभा को चिन्हित कर उन्हें उचित प्रशिक्षण और सरकार की नियोजन व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में पहल की आवश्यकता बताई। टूर्नामेंट के संयोजक विक्की कुमार महतो ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चार टीमों को सम्मानित किया गया।

उन्होंने कहा कि युवाओं में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए यह प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित की जाएगी।

मौके पर तुरमुली, हेसलपीडी, शोबा, बेड़वारी, सुरीद सहित आसपास के क्षेत्रों से खेलप्रेमी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar