त्योहारों से पहले रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग का जांच अभियान

 

-होटल और फैक्ट्रियों से मिठाई, हल्दी, मिर्च पाउडर व बेसन के नमूने लिए, जांच के लिए रांची भेजे

रामगढ़, 13 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को रामगढ़ जिले में जांच अभियान चलाया। रांची के संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त, रामगढ़ के उपायुक्त और अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवल कुमार के निर्देश पर छोटकी पोना से नया मोड़ तक विभिन्न होटलों, खाद्य प्रतिष्ठानों और फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया गया।

अभियान के दौरान अंश लाइन होटल, न्यू पिंटू होटल, तुलसी राशन दुकान, सूरज देशी होटल, तेजस होटल एंड रेस्टोरेंट, तुलसी फूड प्रोडक्ट और रघुवीर फूड प्रोडक्ट की जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और आवश्यक दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई।

जांच के दौरान अंश लाइन होटल से रसगुल्ला और काला जामुन के नमूने लिए गए। वहीं, न्यू पिंटू होटल से रसगुल्ला और बालूशाही के नमूने संग्रहित किए गए। इसके अलावा तुलसी फूड प्रोडक्ट और रघुवीर फूड प्रोडक्ट से हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और बेसन के कानूनी नमूने लिए गए।

सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य जांच प्रयोगशाला, रांची भेजा गया है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का आकलन किया जाएगा।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने प्रतिष्ठानों के दस्तावेजों की जांच करते हुए संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्हें प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने और प्रतिबंधित सामग्रियों के प्रयोग पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया गया।

जांच टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह, डेरिक तिग्गा और खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश