मिठाई दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, लिया नमूने
रामगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। त्योहारों को देखते हुए आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा के नेतृत्व में रामगढ़ शहर के विभिन्न होटल और मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान दो प्रतिष्ठानों से मिठाई के चार नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजे गए।
जांच अभियान के तहत कोठार फ्लाईओवर से थाना चौक और मेन रोड तक स्थित होटल निराला, पवन होटल, मुखिया होटल, एमआर स्वीट्स, विशुराम नमकीन, शालीमार स्वीट्स, राज रसोई नेक्स्ट, रसराज, राजस्थान कलेवालय, चौपाटी और गोकुल स्वीट्स का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान राज रसोई नेक्स्ट से काजू बर्फी और बेसन लड्डू, जबकि राजस्थान कलेवालय से कलाकंद और काजू बर्फी के नमूने लिए गए। सभी चार नमूनों को गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों के आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई रखने, एक्सपायर्ड सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने और प्रतिबंधित सामग्री एवं पेय पदार्थों से परहेज करने का निर्देश दिया।
विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान में लुकेश रवानी भी शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश