खाद्य सुरक्षा विभाग के छापे के दाैरान कई प्रतिष्ठानों को नोटिस
देवघर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के अवसर पर आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मधुपुर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। मधुपुर के अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों से संबंधित कमियां पाई गईं। विभाग ने संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी देवघर-2 शैलेश कुमार यादव, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी देवघर-3 अंजलि विवा मिंज और जूनियर फूड एनालिस्ट शुभम कुमार राठौर शामिल थे। टीम ने गांधी चौक, थाना मोड़, कोर्ट मोड़ और बस स्टैंड के आसपास स्थित मिठाई दुकानों, किराना दुकानों, होटलों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की।
अभियान के दौरान विनायक एंटरप्राइजेज, माखन भोग स्वीट्स, मधुलिका स्वीट्स, न्यू बर्दवान स्वीट्स, गोकुल स्वीट्स, चांदनी वाला, शिव शंकर स्वीट्स, कृष्णा मिष्ठान भंडार, भैरवनाथ पानीपुरी सेंटर, धीरज डोसा स्टॉल, वृंदावन रेस्टोरेंट, सुरुचि स्वीट्स, अद्विका फूड रेस्टोरेंट, रसोई घर, इंडियन फास्ट फूड और दिल्ली-6 होटल सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण, भंडारण व्यवस्था और खाद्य सामग्री की निर्माण और समाप्ति तिथि की जांच की गई। इस क्रम में कुछ प्रतिष्ठानों में एक्सपायरी शीतल पेय और अन्य खाद्य सामग्री पाई गई। वहीं, मिठाइयों के कुछ नमूनों की प्राथमिक जांच में स्टार्च की उपस्थिति भी पाई गई।
विभाग ने खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में पाई गई कमियों को लेकर संबंधित कारोबारियों को आवश्यक निर्देश दिया और नोटिस जारी किया। कुछ प्रतिष्ठानों से पानी की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण से संबंधित विवरण, खाद्य लाइसेंस को प्रमुखता से प्रदर्शित करने और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र सहित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, वैध खाद्य लाइसेंस और पंजीकरण सुनिश्चित करने और एक्सपायरी खाद्य सामग्री का भंडारण या बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy