त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटलों का किया औचक निरीक्षण
रामगढ़, 25 अगस्त (हि.स.)। रामगढ़ डीसी ऋतुराज के निर्देशानुसार आगामी त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को विभिन्न होटल का औचक निरीक्षण किया गया। सुभाष चौक स्थित न्यू पूनम स्वीट्स और शालीमार स्वीट्स आदि का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान शालीमार स्वीट्स से मोती चूर के लड्डू और न्यू पूनम स्वीट्स से पेड़ा का नमूना संग्रह किया गया। नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला नामकुम भेजा गया। निरीक्षण के दौरान शालीमार स्वीट्स में 40 लीटर एक्सपायर्ड दूध पाया गया, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी की ओर से सभी होटल संचालक को नियमित साफ सफाई के निर्देश दिए गए। उचित गुणवत्ता पूर्ण सामग्री का प्रयोग करने और किसी भी कीमत में एक्सपायर्ड सामग्री का प्रयोग नहीं करने का निर्देश दिया गया है। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा एवं खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश