श्रावणी मेला से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन

 


देवघर, 08 जुलाई (हि.स.)। आगामी श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। लाखों श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में घोरमारा क्षेत्र में पेड़ा, मिठाई और किराना दुकानों पर सघन छापेमारी की गई। जांच के दौरान करीब 08 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें महावीर पेड़ा भंडार, नीरज पेड़ा, सुखाड़ी मंडल एंड संस, आरके भास्कर, मां दुर्गा पेड़ा भंडार, सेठ जी ट्रेडिंग, गणेश पेड़ा भंडार और बाबाजी पेड़ा भंडार सहित अन्य दुकानें शामिल थीं।

निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। अधिकारियों ने 15 किलोग्राम दूषित खोवा और 05 किलोग्राम दूषित मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया। इसके अलावा बिना वैध एफएसएसएआई लाइसेंस के कारोबार, संदिग्ध और दूषित खोवा का भंडारण, मिसब्रांडेड नमकीन की बिक्री एवं स्वच्छता मानकों की अनदेखी जैसे मामले सामने आए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा-63 के तहत बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर लाइसेंस बनाने का निर्देश दिया गया।

साथ ही दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से भंडारण करने और किसी भी प्रकार की मिलावट से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy