रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्रवाई, नकली पनीर और मिलावटी खाद्य सामग्री नष्ट

 






रामगढ़, 18 मई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को शहर में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान ठेले, खोमचे, होटल और विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें कई जगह गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान कई स्थानों पर नकली पनीर, हानिकारक मसाले और एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक पाए गए। इसके अलावा ठेलों पर बेचे जा रहे छोले और चटनी में औद्योगिक रंग (इंडस्ट्रियल कलर) के उपयोग की भी पुष्टि हुई, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक माना जाता है। सभी असुरक्षित खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सदर अस्पताल और सिविल कोर्ट के आसपास लगे ठेलों का निरीक्षण किया, साथ ही कोठार क्षेत्र में स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई। इस दौरान कोठार स्थित होटल एमआर स्वीट्स, होटल फ्लाईओवर और पवन होटल में भी अनियमितताएं पाई गईं।

होटल एमआर स्वीट्स में करीब 10 किलो मिलावटी पनीर बरामद किया गया, जिसे तुरंत नष्ट कर दिया गया। वहीं लगभग 30 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक भी जब्त कर नष्ट की गई। इसके अलावा होटल एमआर और होटल फ्लाईओवर से लिए गए मसालों के नमूनों में हानिकारक रंग पाए जाने के बाद उन्हें भी मौके पर ही नष्ट किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को चेतावनी देते हुए सुधार नोटिस जारी करने की बात कही है।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, लेबलिंग और एक्सपायरी तिथि का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने और होटल व रेस्टोरेंट स्टाफ द्वारा एप्रन, ग्लव्स और हेडगियर का उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया।

अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि भोजन तैयार करने में केवल साफ पानी का उपयोग किया जाए, खाद्य सामग्री पर उचित लेबलिंग हो, एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री पूरी तरह बंद की जाए और सिंथेटिक रंगों का उपयोग किसी भी स्थिति में न किया जाए।

इस जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन और खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश