मोहर्रम पर जरूरतमंदों के बीच भोजन और शरबत वितरण
रांची, 27 जून (हि.स.)।
मोहर्रम के अवसर पर भारतीय एकता कमेटी की ओर से शनिवार को जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन पैकेट, कपड़े, पानी और शरबत का वितरण किया गया।
साथ ही कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई और लोगों से नेक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई। इस अवसर पर भारतीय एकता कमेटी के संस्थापक अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा ने कहा कि मोहर्रम का महीना त्याग, बलिदान और मानवता की सेवा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हजरत इमाम हसन और हजरत इमाम हुसैन की शहादत इंसानियत, सत्य और धर्म के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है।
गुलाम मुस्तफा ने कहा कि मोहर्रम के अवसर पर जरूरतमंद, गरीब और बीमार लोगों की सहायता करना एक नेक कार्य है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की मदद करने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और मानव सेवा के कार्यों में भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान रोजा पूरा होने के अवसर पर शरबत और पेयजल का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर कमेटी के सदस्यों ने लोगों के बीच सेवा कार्यों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लेेेते हुए सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar