धान की फसल कटाई कर उत्पादन का किया जा रहा आंकलन
रामगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। जिले में अगहनी धान की वास्तविक उत्पादकता का आंकलन करने के लिए फसल कटनी प्रयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को चितरपुर प्रखंड के डूडगी गांव में निर्धारित प्रक्रिया के तहत धान की फसल कटाई कर उत्पादन का आंकलन किया गया।
डीसी ऋतुराज के निर्देश पर ग्राम डूडगी, पंचायत बड़की पोना में किसान नीलकंठ महतो के प्लॉट संख्या 341 पर फसल कटनी प्रयोग कराया गया। इसके तहत निर्धारित 50 वर्गमीटर क्षेत्र में धान की कटाई की गई। कटाई के बाद प्राप्त धान का हरा वजन 19 किलोग्राम दर्ज किया गया। इस दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शंकर प्रसाद सिंह, संकलन पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, हजारीबाग के निरीक्षण पदाधिकारी और बीमा कंपनी के निरीक्षण पदाधिकारी मौजूद थेे।
फसल कटनी प्रयोग के माध्यम से धान की वास्तविक उत्पादकता का वैज्ञानिक और पारदर्शी तरीके से आंकलन किया जाता है। इससे प्राप्त आंकड़े कृषि उत्पादन का अनुमान लगाने के साथ फसल बीमा योजना के तहत किसानों को मिलने वाली संभावित क्षतिपूर्ति के निर्धारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला प्रशासन की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फसल कटनी प्रयोग की निगरानी की जा रही है। इसका उद्देश्य वास्तविक उत्पादन के आंकड़ों का सही संकलन करना और किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश