रांची विश्वविद्यालय में फ्लिपकार्ट की मेगा प्लेसमेंट ड्राइव, बड़ी संख्या में छात्रों ने लिया भाग

 


रांची, 29 मई (हि.स.)। रांची विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल की ओर से शुक्रवार को मोरहाबादी कैंपस स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन के सभागार में फ्लिपकार्ट की मेगा प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम रांची विश्वविद्यालय के डीन (छात्र कल्याण) डॉ. सुदेश कुमार साहू, प्रॉक्टर एवं व्यावसायिक अध्ययन परिषद के निदेशक डॉ. मुकुंद चंद्र मेहता तथा इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन के निदेशक डॉ. बसंत की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

फ्लिपकार्ट की ओर से पूर्वी क्षेत्र के वरिष्ठ प्रबंधक सौरभ कुमार ने भर्ती दल का नेतृत्व किया और छात्रों को कंपनी में उपलब्ध करियर अवसरों, कार्य संस्कृति तथा पेशेवर विकास की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत प्लेसमेंट सेल द्वारा अतिथियों और कंपनी प्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत करने के साथ हुई।

स्वागत भाषण में डीन (छात्र कल्याण) डॉ. सुदेश कुमार साहू ने छात्रों को ऐसे प्लेसमेंट अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने और अपने करियर निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए उद्योग जगत से लगातार जुड़ाव बढ़ा रहा है।

इसके बाद आयोजित प्री-प्लेसमेंट टॉक में सौरभ कुमार ने फ्लिपकार्ट की कार्यप्रणाली, उपलब्ध पदों, करियर ग्रोथ, कर्मचारी सुविधाओं और कार्यस्थल की अपेक्षाओं पर विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान छात्रों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए भर्ती प्रक्रिया से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका कंपनी प्रतिनिधियों ने विस्तार से उत्तर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मुकुंद चंद्र मेहता ने कहा कि इस प्रकार की प्लेसमेंट ड्राइव छात्रों को उद्योग जगत से जोड़ने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने फ्लिपकार्ट एवं विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल की इस पहल की सराहना की।

उद्घाटन सत्र के बाद पंजीकृत अभ्यर्थियों के व्यक्तिगत साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू हुई। रांची विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक इस प्लेसमेंट ड्राइव में भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में प्लेसमेंट सेल, रांची विश्वविद्यालय ने फ्लिपकार्ट और सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए छात्रों के लिए रोजगार एवं प्लेसमेंट अवसरों को बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak