होली से पहले रांची में फ्लैग मार्च, लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
रांची, 03 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची में होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) कुमार रजत के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
फ्लैग मार्च अलबर्ट एक्का चौक से प्रारंभ होकर डेली मार्केट, अंजुमन प्लाजा होते हुए एकरा मस्जिद के पास पहुंचा। वहां से कर्बला चौक और चर्च रोड होते हुए पुनः अलबर्ट एक्का चौक पर समाप्त हुआ। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजनों से होली के अवसर पर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
मार्च में रैपिड एक्शन पुलिस, आईआरबी, इको, जिला पुलिस, पीसीआर, टाइगर मोबाइल और गश्ती दल के वाहन शामिल रहे। पीसीआर और टाइगर मोबाइल के सायरन से शहरवासियों को होली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सतर्कता का संदेश मिला।
फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा, कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय और नगर पुलिस उपाधीक्षक (सिटी डीएसपी) केवी रमण सहित कई थाना प्रभारी मौजूद रहे।
नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि होली का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे