ईद और सरहुल को लेकर रांची में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
रांची, 20 मार्च। राजधानी रांची में ईद और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में शुक्रवार देर शाम शहर के मेन रोड में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व सदर एसडीओ कुमार रजत ने किया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर और यातायात पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक एसपी) राकेश सिंह की निगरानी में यह अभियान चलाया गया। उनके साथ कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय सहित कई थाना प्रभारी और सशस्त्र बल के जवान मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च की शुरुआत अल्बर्ट एक्का चौक से हुई, जो डेली मार्केट, उर्दू लाइब्रेरी, अंजुमन प्लाजा, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, विक्रांत चौक और चर्च रोड होते हुए पुनः अल्बर्ट एक्का चौक पर समाप्त हुआ।
सिटी एसपी ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ाना और असामाजिक तत्वों में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देना है। पुलिस ने इस दौरान लोगों से अपील की कि वे त्योहारों को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे