भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान पांच हजार जवान रहेंगे तैनात, ट्रैफिक में बदलाव
रांची, 15 जुलाई (हि.स.)। भगवान जगन्नाथ के रथ यात्रा को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं। सुरक्षा को लेकर मंदिर परिसर से लेकर शहर के हर चौक- चौराहों पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिहाज से 5000 हजार जवानों सहित दंडाधिकारी की तैनाती की गयी है। साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से पूरे मेला और मंदिर परिसर की निगरानी की जायेगी। वॉच टावर और कंट्रोल रुम का भी मेले परिसर में निर्माण किया गया है जो 24 घंटे कार्यरत रहेगा।
इसके अलावा सभी थानेदारों को एसएसपी राकेश रंजन ने रथ यात्रा को लेकर अपने-अपने क्षेत्र में अलर्ट रहने को कहा है। साथ ही रथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर छह अलग-अलग क्यूआरटी बनाई गई है जो लगातार निगरानी रखेगी।
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा और घुरती मेला को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और क्यूआरटी की प्रतिनियुक्ति की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से भी मेले परिसर की निगरानी की जायेगी।
वहीं भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा और घुरती मेला को लेकर रांची ट्रैफिक पुलिस ने 16 से 25 जुलाई तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है, जबकि कुछ रास्तों पर छोटे वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बिरसा चौक से मेला जाने वाले वाहन शहीद मैदान में पार्किंग करेंगे। वहीं तुपुदाना, हटिया और धुर्वा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए प्रभात तारा मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
रिंग रोड से मेला या शहर की ओर आने वाले भारी और हल्के वाहन तिरिल मोड़, नॉर्थ गेट, प्रभात तारा मैदान और शालीमार बाजार होते हुए गुजरेंगे और तिरिल मोड़ स्थित हेलिपैड में पार्किंग कर सकेंगे।
बिरसा चौक से रिंग रोड (सिठियो) जाने वाले वाहनों को सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक होते हुए भेजा जाएगा। वहीं धुर्वा से रिंग रोड जाने वाले वाहन भी वीर कुंवर सिंह चौक के रास्ते सिठियो रिंग रोड पहुंचेंगे। रिंग रोड से शहर आने वाले वाहनों के लिए भी अलग डायवर्जन रूट निर्धारित किया गया है।
मेले के दौरान तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर, शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर और प्रभात तारा तीनमुहान से जगन्नाथपुर बाजार तक कार, ऑटो, सवारी वाहन और बाइक के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
इसके अलावा पुराना विधानसभा क्षेत्र की ओर से आने वाले बड़े वाहनों और मिनीडोर को शहीद मैदान के पास बनाए गए पार्किंग स्थल पर खड़ा करना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूप से रूट डायवर्ट या वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने लोगों से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ सहयोग करने और किसी प्रकार का विवाद नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी प्रशासन के निर्देशों के अनुसार अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।
यदि लोग मेला परिसर में वाहन लेकर जाने का प्रयास करेंगे तो जाम की स्थिति उत्पन्न होगी, जिससे आम लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे