सरला बिरला विश्वविद्यालय के पांच विद्यार्थियों का बिरला ओपस में चयन

 


-सभी चयनित विद्यार्थियों को मिलेगा 7.5 लाख रुपये का वार्षिक पैकेज

रांची, 21 नवंबर (हि.स.)। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) के पांच विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित कंपनी बिरला ओपस में कैंपस प्लेसमेंट के तहत चयन हुआ है। शनिवार को आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में चयनित विद्यार्थियों को 7.5 लाख रुपये वार्षिक का पैकेज मिलेगा। यह जानकारी विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।

विज्ञप्ति के अनुसार, विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट विभाग की ओर से एमबीए सत्र 2027 एवं 2028 के विद्यार्थियों के लिए यह प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की गई थी।

विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट विभाग के डीन डॉ. हरिबाबू शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए विश्वविद्यालय लगातार प्रयासरत है। बिरला ओपस जैसी प्रतिष्ठित कंपनी की सहभागिता विश्वविद्यालय और उद्योग जगत के बीच मजबूत होते संबंधों को दर्शाती है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए ईवाई, टीसीएस, डेलॉइट, गोदरेज, आईटीसी होटल्स, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक और डीमार्ट समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्लेसमेंट गतिविधियों में भाग लिया।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar