ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। रांची में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इन्द्रपुरी रोड नंबर-14 स्थित एक घर में छापेमारी कर पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के आरोप में महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से कुल 11.16 ग्राम ब्राउन शुगर, 1,34,015 नकद, पांच मोबाइल फोन, एक स्कूटी और एक वैगन आर कार बरामद की है।
सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय शुक्रवार को बताया कि 13 अगस्त की रात करीब वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इन्द्रपुरी रोड नंबर-14 में रेणु तिर्की के घर पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
रात करीब 8:40 बजे पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने राजकुमार राम, मो. दानिश उर्फ मनु, सुमित तिर्की, सुशील तिर्की और रेणु तिर्की को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान सुशील तिर्की के पास से 3.06 ग्राम ब्राउन शुगर और 29,900, राजकुमार राम के पास से 3.91 ग्राम ब्राउन शुगर और 5,095, मो. दानिश उर्फ मनु के पास से 1.38 ग्राम ब्राउन शुगर, सुमित तिर्की के पास से 1.90 ग्राम ब्राउन शुगर और 33,200 बरामद हुए।
वहीं, रेणु तिर्की के पास से 0.91 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। उसकी निशानदेही पर ब्राउन शुगर की बिक्री से संबंधित 65,820 नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने इनके पास से कुल 11.16 ग्राम ब्राउन शुगर और 1,34,015 नकद बरामद किया। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन, एक स्कूटी और एक वैगनआर कार भी जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सुमित तिर्की का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। छापामारी टीम में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय, अंचलाधिकारी हेहल धनश्याम राम, सुखदेवनगर थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे