उर्दू लाइब्रेरी के पास फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस
रांची, 13 सितंबर (हि.स.)। रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित उर्दू लाइब्रेरी के पास रविवार रात अपराधियों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जांच के क्रम में फायरिंग मामले में पुलिस को अहम जानकारियां मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह फायरिंग आपसी रंजिश को लेकर हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने आरोपितों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस ने फायरिंग करने वालों की पहचान कर ली है। फायरिंग करने वालों की पहचान अफाक और संजर के रूप में की गई है। फायरिंग मामले में तफ्तीश के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इससे पहले भी दोनों पक्षों के लोगों ने डोरंडा थाने में एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
बताया जा रहा है कि फायरिंग करने का आरोपित पहले जेल भी गया था। कुछ माह पहले ही वह जेल से बाहर आया था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं और बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे