दिनदहाड़े फायरिंग में गैंगस्टर फहीम खान के रिश्तेदार सहित तीन घायल

 




धनबाद, 21 सितंबर (हि.स.)। भूली मोड़ क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गयी। बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान सहित उसके साथ मौजूद लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में सानू खान और सद्दाम घायल हो गये, जबकि गोलीबारी की चपेट में उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से धनबाद आयी युवती कुमकुम भी आ गयी। तीनों घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार सभी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार, सानू खान और सद्दाम किसी काम से भूली मोड़ क्षेत्र में गये थे। इसी दौरान पहले से घात लगाये बाइक सवार अपराधियों ने अचानक दोनों पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में अफरातफरी मच गयी और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गये।

गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सानू खान का अशर्फी अस्पताल और सद्दाम का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, गोलीबारी में घायल कुमकुम को भी अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों के अनुसार कुमकुम अपने नाना मो आमीन के घर घूमने आयी थी। सोमवार को वह अपनी खाला चंदा खातून के साथ बाजार जा रही थी। इसी दौरान भूली मोड़ के समीप हुई फायरिंग की चपेट में वह आ गयी और उसकी कमर में गोली लग गयी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें फहीम खान के रिश्तेदार सहित दो लोग और एक महिला घायल हुई है। घटनास्थल से सात खोखे बरामद किये गये हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों का भी पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग के पीछे की वजह और इसमें शामिल अपराधियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा