रांची सदर अस्पताल में 'अग्नि सुरक्षा सप्ताह' का शुभारंभ, सतर्कता और मॉक ड्रिल पर ज़ोर
रांची, 04 मई (हि.स.)। रांची के सदर अस्पताल में सोमवार को अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 4 मई से 10 मई तक चलने वाले इस अभियान का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय पदाधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम, आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तथा सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
इस वर्ष अग्नि सुरक्षा सप्ताह की थीम ‘सुरक्षित स्कूल, सुरक्षित अस्पताल और अग्नि सुरक्षा जागरूक समाज – आग की रोकथाम के लिए मिलकर प्रयास’ रखी गई है। इस अवसर पर स्वास्थ्य संस्थानों को हर स्थिति में सतर्क और तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
अभियान के तहत 5 मई से 7 मई तक प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे वेबिनार श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसमें सभी संबंधित कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और जिन प्रतिभागियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, उनसे शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील की गई।
अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने सभी जिला अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों से इस सप्ताह को गंभीरता से मनाने और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अस्पतालों में आग की घटनाओं की रोकथाम, आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है।
कार्यक्रम में सभी स्वास्थ्य संस्थानों को अग्नि सुरक्षा मूल्यांकन कर उसकी रिपोर्ट आईएचआईपी पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों में फायर सेफ्टी ऑडिट अनिवार्य रूप से कराने तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता की जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, निकासी मार्ग (एग्जिट प्लान) का निर्माण, आग से जुड़े संभावित खतरों की जानकारी, स्वास्थ्यकर्मियों का क्षमता निर्माण और मॉक ड्रिल जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान फायर सेफ्टी कर्मियों ने अग्निशमन तकनीकों की जानकारी भी दी।
इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत नवनियुक्त स्वास्थ्यकर्मियों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें एएनएम और लैब टेक्नीशियनों को विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने भी अग्नि सुरक्षा की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में डॉ. प्रवीण कर्ण, अतिन्दर उपाध्याय, डॉ. बिमलेश सिंह सहित अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, हॉस्पिटल मैनेजर शाहनवाज़, जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रीती, स्वास्थ्यकर्मी एवं एएनएम स्कूल की छात्राएं उपस्थित रहीं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे