लाखों की धोखाधड़ी मामले में महिला सहित दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

 


रांची, 17 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के अरगोड़ा थाने में 37 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में काजल सिंह ने अरगोड़ा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

काजल सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरती देवी और उनके पति प्रमोद पांडे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316 (2), 318 (4) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता काजल सिंह ने पुलिस को बताया है कि दोनों आरोपितों ने अपनी व्यक्तिगत और पारिवारिक जरूरतों का हवाला देकर उनसे रुपये लिए थे। आरोप है कि रुपये लेते समय आरोपितों ने तय समय पर पूरी रकम वापस करने का भरोसा दिलाया था। भरोसा कर काजल सिंह ने अलग-अलग तिथियों पर आरोपितों को नगद रुपये दे दिए।

शिकायत में काजल सिंह ने अलग-अलग तिथियों में किए गए नकद लेनदेन का ब्योरा अपनी डायरी में दर्ज होने की बात कही है। आवेदन के अनुसार 18 अगस्त 2025 से 5 जुलाई 2026 के बीच कई बार रकम दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार डायरी में दर्ज लेनदेन की कुल राशि करीब 34.60 लाख रुपये है। इसके अलावा अन्य छोटे-बड़े नकद खर्च को जोड़कर कुल देय राशि करीब 37 लाख रुपये होने का दावा किया गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि शुरुआत में आरोपितों ने समय पर पैसे लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो दोनों आरोपित अलग-अलग बहाने बनाकर मामले को टालते रहे। आरोप है कि लगातार तकादा करने के बाद आरोपितों ने रकम वापस करने से इनकार कर दिया। काजल सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरती देवी और प्रमोद पांडे ने उनका विश्वास हासिल करने के बाद उनसे बड़ी मात्रा में नकद राशि ली। शिकायतकर्ता ने इसे सुनियोजित तरीके से विश्वास में लेकर रकम हड़पने और अमानत में खयानत का मामला बताया है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में मामले से संबंधित साक्ष्य भी उपलब्ध कराने की बात कही है। इसमें नगद लेनदेन संबंधित दर्ज डायरी के पन्नों की छायाप्रति और आरोपितों के मोबाइल नंबरों पर हुई बातचीत और कॉल डिटेल को महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया गया है। अरगोड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर आनंद कुमार साह को सौंपी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे