नो-पार्किंग जोन में भारी वाहनों पर लगाया गया 1.89 लाख का जुर्माना
रामगढ़, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में सड़क किनारे, विशेष कर नो-पार्किंग जोन में भारी और मालवाहक वाहन खड़ा करने से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए डीसी ऋतुराज के निर्देश पर परिवहन विभाग की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) राजेश एक्का के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने एनएच-33 और एनएच-23 के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर औचक जांच की गई। इस दौरान सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में खड़े भारी एवं मालवाहक वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।
जांच के दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों और सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन की जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का उपयोग करने और यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान कुल 26 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले सात वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल एक लाख 89 हजार 501 का जुर्माना लगाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश