गंभीर बीमारी के इलाज में आर्थिक संकट नहीं बनेगी बाधा : डीसी

 


रामगढ़, 11 सितंबर (हि.स.)।

जिले में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के जरूरतमंद मरीजों के लिए गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के डॉ अंबेडकर फाउंडेशन की ओर से डॉ अंबेडकर मेडिकल एड स्कीम संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 05 लाख तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

रामगढ़ डीसी ऋतुराज के निर्देश पर योजना का लाभ जिले के जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए पहल शुरू कर दी गई है। योजना का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण किसी भी पात्र मरीज को गंभीर बीमारी के इलाज से वंचित होने से बचाना है।

योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा, जो एससी-एसटी वर्ग से संबंधित हैं और जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 05 लाख से कम है। पात्र लाभार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

योजना के अंतर्गत गंभीर और असाध्य बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता का प्रावधान है। इनमें हृदय रोग, कैंसर, किडनी सहित अन्य अंग प्रत्यारोपण, ब्रेन सर्जरी एवं अन्य गंभीर तथा असाध्य रोग शामिल हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, आर्थिक तंगी के कारण गंभीर बीमारी का इलाज प्रभावित न हो, इसी उद्देश्य से पात्र मरीजों को चिकित्सा उपचार के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि डीसी के निर्देशानुसार योजना से संबंधित गाइडलाइंस जारी कर दी गई है। जिले के सभी पात्र और जरूरतमंद नागरिक योजना की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर इसका लाभ उठा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश