वित्त मंत्री ने किया गणेश पूजा पंडाल का उद्घाटन, नोटों की माला से सजी है गजानन की प्रतिमा

 


रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। रांची के डोरंडा स्थित न्यू काली पूजा परिसर, में श्री गणेश पूजा समिति के 15 वें वार्षिक गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ सोमवार किया गया। पूजा पंडाल का उद्घाटन वित्तप मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने किया।

इस अवसर पर भगवान गणेश की प्रतिमा को नोटों की माला से सजाया गया है जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। वहीं भगवान गणपति को 151 किलोग्राम लड्डू का भोग लगाया गया है।

सोमवार से शुरू होने वाले पांच दिवसीय महोत्सव 18 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम, प्रसाद वितरण और अन्य आयोजन किए जाएंगे। महोत्सव को लेकर डोरंडा और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।

पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं गणपति बप्पा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

मौके पर वीरेंद्र प्रधान, दीपू सिन्हा , आलोक दुबे समिति के अध्यक्ष नवीन मल्होत्रा, महामंत्री अमित गुप्ता, कोषाध्यक्ष बाबू सोना दास, उपाध्यक्ष जयंत मजूमदार, संरक्षक रंथू उरांव सहित सभी पदाधिकारी मौजूद थे।

इधर, पांच दिवसीय कार्यक्रमों में 15 सितंबर को दोपहर में श्रद्धालुओं के बीच भोग वितरण किया जाएगा। वहीं शाम 06 बजे से विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें बच्चों और श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। 16 सितंबर की दोपहर में भंडारे का आयोजन होगा।

इसके बाद शाम में डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से भंडारे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।

वहीं 17 सितंबर की सुबह में पंडाल परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। शाम 04 बजे से बच्चों के लिए डांस प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता में झारखंड-बॉलीवुड के सुपरस्टार विवेक नायक मुख्य अतिथि और निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। 18 सितंबर को भव्य विसर्जन शोभायात्रा के साथ महोत्सव का होगा समापन।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak