वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कराया दिल का चेकअप कहा, सीने की बेचैनी को नजरअंदाज न करें
रांची, 07 सितंबर (हि.स.)। वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर सोमवार को अपने रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए रिम्स पहुंचे। उन्होंने रिम्स के कार्डियोलॉजी विभाग में अपने हृदय की जांच कराई। चेकअप के बाद वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने लोगों से हृदय की सेहत को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीने में बेचैनी, दर्द या किसी अन्य तरह की परेशानी को केवल गैस की समस्या मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
ऐसी स्थिति में बिना देरी किए चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए और आवश्यक जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से किसी गंभीर बीमारी की पहचान शुरुआती स्तर पर की जा सकती है और उसके खतरे को कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही नहीं बरतने और नियमित रूप से अपनी सेहत की जांच कराने की अपील की। चिकित्सकों ने आवश्यक जांच के बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य बताई। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रशांत ने बताया कि वित्तमंत्री की सभी जांच रिपोर्ट सामान्य हैं।
फिलहाल उनकी सेहत को लेकर किसी तरह की गंभीर परेशानी नहीं मिली है। इस दौरान कार्डियोलॉजी विभाग के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar