वेतन और ईपीएफ भुगतान को लेकर कर्मियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
देवघर, 06 मई (हि.स.)। निगम डिपो परिसर में झारखंड लोकल बॉडीज एंप्लॉय फेडरेशन के अध्यक्ष संजय मंडल की अध्यक्षता में सफाई कर्मियों की बैठक बुधवार को आयोजित की गई।
बैठक में समय पर वेतन भुगतान और बकाया ईपीएफ राशि जमा कराने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान अध्यक्ष संजय मंडल ने नगर प्रशासक से मांग करते हुए कहा कि कर्मचारियों का वेतन हर महीने की 10 तारीख तक हर हाल में भुगतान किया जाए।
साथ ही लगभग 02 करोड़ रुपये की बकाया ईपीएफ और पीएफ राशि 30 जून तक एकमुश्त जमा कराने की मांग की गई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समय रहते भुगतान नहीं किया गया तो कर्मचारी आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होंगे और चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों में वेतन में हो रही देरी और जबरन काम कराने को लेकर भारी आक्रोश है। बिना समय पर भुगतान के कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाना उचित नहीं है। निगम प्रशासन को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, अन्यथा आर-पार की लड़ाई के लिए सभी बाध्य होंगे।
बैठक में उपाध्यक्ष सुनील राम, बिरजू राम, सचिव रोशन राम, सुनील माहो, कोषाध्यक्ष चंदन राम, प्रदीप राम, पप्पू मेव, लखन हरिजन, किशन, संदीप, शंकर राम, कुंदन राम, अजय राम, विजय राम सहित कई कर्मचारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy