पुंदाग के श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धाभाव से मनाई गई मोहिनी एकादशी और गौ सम्मान दिवस
रांची, 27 अप्रैल (हि.स.)। पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में सोमवार को मोहिनी एकादशी और गौ सम्मान दिवस श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रणामी ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और गौ सेवा के साथ भगवान विष्णु तथा राधा-कृष्ण की आराधना की।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। मंदिर परिसर में भगवान विष्णु और राधा-कृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मोहिनी एकादशी के पावन अवसर पर राधा रानी का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गौ माता को हरा चारा, गुड़, फल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सेवा की। गौ सम्मान दिवस के तहत ट्रस्ट द्वारा संचालित गौशाला में विशेष गौ पूजन का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ गौ पूजन संपन्न कराया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रणामी ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे आयोजन समाज में संस्कार, गौ संरक्षण, सेवा भावना और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है और उनकी सेवा से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान आयोजन मंडली द्वारा ‘राधे-राधे’, ‘हरे कृष्ण’ और भगवान विष्णु की भक्ति से जुड़े भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। भक्ति संगीत से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में डूब गया और श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
भगवान को केसरिया पेड़ा, मेवा, फल और वेजिटेबल खिचड़ी का विशेष भोग अर्पित किया गया। पूजा-अर्चना और भोग के उपरांत सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे सभी ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।
इस अवसर पर प्रणामी ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी, प्रवक्ता संजय सर्राफ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिला मंडल और स्थानीय भक्तगण उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को प्रगाढ़ किया, बल्कि गौ सेवा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ाई। मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar