खेत ग्रामीण मजदूर सभा का सम्मेेलन 21 नवंबर से

 


रांची, 19 नवंबर (हि.स.)।

खेत ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) का आठवां राष्ट्रीय सम्मेलन 21-22 नवंबर को गिरिडीह जिले के सरिया (हजारीबाग रोड) में गुरूवार को आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर से खेत मजदूरों, किसानों और मजदूर-किसान आंदोलनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन की तैयारियां तेज हैं और सरिया शहर को झंडों-बैनरों से सजाया जा रहा है।

यह जानकारी भाकपा माले के राज्य कार्यालय महेंद्र सिंह भवन रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राज्य सचिव मनोज भक्त ने दी। मनोज भक्त ने बताया कि मजदूरों और किसानों के अधिकारों पर बढ़ते हमलों के बीच यह सम्मेलन महत्वपूर्ण है। इसमें मनरेगा, मतदाता सूची से नाम कटने, मजदूरों की सामाजिक सुरक्षा, किसानों और बटाईदारों के अधिकार और जल-जंगल-जमीन से जुड़े सवालों पर चर्चा होगी।

देवकी नंदन बेदिया ने कहा कि झारखंड में आदिवासियों की जमीन और खनिज संपदा की लूट के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करना सम्मेलन का प्रमुख मुद्दा होगा।

साथ ही आंदोलनकारी संगठनों की भावी रणनीति तय की जाएगी। सम्मेलन को भाकपा माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज, सामाजिक कार्यकर्ता दयामनी बारला, प्रोफेसर डीएम दिवाकर, लक्ष्मणैया, विधायक संदीप सौरभ और अन्य प्रतिनिधि संबोधित करेंगे।

प्रेस वार्ता में खेग्रामस के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवकी नंदन बेदिया, आइसा के राज्य सचिव त्रिलोकी नाथ मुख्य रूप से मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar